Friday, April 10, 2009

सोनिया के समधी की रहस्यमय मौत

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के ससुर राजिंदर वाड्रा शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली स्थित एक गेस्टहाउस में पंखे से लटके पाए गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “दिल्ली के हौजखास क्षेत्र में गेस्टहाउस सिटी इन में राजिंदर पंखे से लटके मिले। उन्होंने फांसी लगाने के लिए तार का इस्तेमाल किया। रूम अटेंडेंट ने उनको पंखे से लटके हुए सुबह करीब 9.30 बजे देखा”।अधिकारी ने कहा, “गेस्टहाउस कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल साकेत स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है”।अधिकारी के अनुसार 60 वर्षीय वाड्रा कुछ समय से गेस्टहाउस में रह रहे थे। उनका लिवर संबंधित बीमारी का इलाज मैक्स अस्पताल में चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव उनके पुत्र रॉबर्ट वाड्रा को सौंप दिया गया। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार लोधी रोड शवदाह गृह में किया गया। राजिंदर वाड्रा उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद में सिविल लाइंस इलाके में रहते थे और वहां पीतल और लकड़ी से जुड़े शिल्पकला का व्यापार करते थे। करीब सात-आठ साल पहले रॉबर्ट वाड्रा ने अपने पिता और बड़े भाई रिचर्ड को नोटिस भेजा था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रियंका से उनके रिश्ते का फायदा उठाते हुए वे उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी और मुरादाबाद जिला कांग्रेस कमेटी में लोगों की नियुक्तियां करवाते हैं। अपने परिवार से अलग रह रहे राजिंदर वाड्रा ने एक साक्षात्कार में बेटे के आरोप से इंकार किया था और बेटे की कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका के साथ शादी पर नाखुशी जताई थी। कुछ वर्ष पहले राजिंदर की बेटी मिशेल की भी एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।

लेखक के सभी लेख पड़ने के लिए देखे लेखक की वेबसाइट  www.bharatsangh.com

No comments:

Post a Comment